नबी ﷺ से सच्ची मोहब्बत: ईमान की पहचान और इंसानियत की राह

✍️ मौलाना मोहम्मद शमशाद रहमानी क़ासमी

नायब अमीर-ए-शरीअत, अमारत-ए-शरीअह बिहार, ओडिशा और झारखंड

उस्ताद, दारुल उलूम वक्फ़, देवबंद

मुहम्मद ﷺ का उस्वा (आदर्श) और सीरत व किरदार का पैरवी करना (अनुकरण), उनके नक़्श-ए-कदम पर चलना, ईमानवालों के लिए अनिवार्य है। हम यह तभी कर सकते हैं जब हमारे दिलों में आप ﷺ के प्रति सच्ची मोहब्बत और अकीदत (श्रद्धा) मौजूद हो। हजरत मुहम्मद ﷺ से प्रेम करना और उस प्रेम का खुलकर व्यक्त करना कोई अपराध नहीं है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक अजीबो-गरीब घटना घटित हुई कि बारह रबीउल अव्वल के अवसर पर जब मुस्लिम समुदाय ने जुलूस निकाला, तो उस जुलूस में “I Love Muhammad ﷺ” के साइन बोर्ड लगाए गए और इसी तरह नारे भी लगाए गए। इस कार्य पर किसी पक्षपाती व्यक्ति ने नज़दीकी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। उसके बाद जो कुछ हुआ या हो रहा है, उसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यह सब एक सोची-समझी साज़िश का हिस्सा है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम सीरत-ए-रसूलुल्लाह ﷺ का गहराई से अध्ययन करें और अपनी ज़िंदगी को उसी के अनुसार ढालें।

रसूल ﷺ से मोहब्बत ईमान की बुनियाद और दीन-ए-इस्लाम की सबसे महत्वपूर्ण मांग है। ईमान की पूर्णता तभी संभव है जब किसी मुसलमान के दिल में नबी-ए-अकरम ﷺ की पवित्र ज़ात सबसे ज़्यादा प्रिय हो। कुरआन-ए-करीम में अल्लाह तआला फ़रमाता है:النَّبِيُّ أَوْلَىٰ بِالْمُؤْمِنِينَ مِنْ أَنفُسِهِمْ (सूरह अल अहज़ाब: 6) अर्थात, “नबी करीम ﷺ ईमान वालों के लिए उनकी अपनी जानों से भी ज़्यादा क़रीब और हक़दार हैं।” इस आयत से यह सच्चाई प्रकट होती है कि ईमान केवल अल्लाह तआला की तौहीद (एकेश्वरवाद) और इबादतों के क़ायम करने (अमल में लाने) का नाम नहीं है, बल्कि रसूलुल्लाह ﷺ से बेपनाह मोहब्बत और गहरी वाबस्तगी (लगाव) भी ईमान का अनिवार्य हिस्सा है।

हज़रत मुहम्मद ﷺ ने स्वयं ईमान के मापदंड को बयान करते हुए फ़रमाया: “तुम में से कोई व्यक्ति सच्चा मोमिन (ईमान वाला) नहीं हो सकता जब तक कि मैं उसके नज़दीक उसके वालिद (पिता), उसकी औलाद (संतान) और तमाम इंसानों से ज़्यादा महबूब (प्रिय) न हो जाऊँ।” इस फ़रमान-ए-नबवी ﷺ ने स्पष्ट कर दिया कि रसूल ﷺ से मोहब्बत के बिना ईमान अधूरा है, और इस मोहब्बत के बिना इंसान ईमान की असली लज़्ज़त (आनंद) हासिल नहीं कर सकता।

यह मोहब्बत केवल ज़बान से इज़हार करने या भावनात्मक लगाव का नाम नहीं है,
बल्कि इसका वास्तविक और व्यावहारिक तक़ाज़ा (मांग) यह है कि मुसलमान अपनी ज़िंदगी के हर पहलू में रसूलुल्लाह ﷺ की सीरत (जीवनचरित्र) और सुन्नत (आदर्श आचरण) को मापदंड बनाए। अगर कोई व्यक्ति यह दावा करे कि वह रसूल-ए-अकरम ﷺ से मोहब्बत करता है, लेकिन उसकी ज़िंदगी आप ﷺ की शिक्षाओं के अनुसार न हो, तो उसका यह दावा बेमानी और खोखला (निराधार) होगा। इसीलिए क़ुरआन में अल्लाह तआला ने फ़रमाया: “قُلْ إِن كُنتُمْ تُحِبُّونَ اللَّهَ فَاتَّبِعُونِي يُحْبِبْكُمُ اللَّهُ” (सूरह अल-इमरान: 31) अर्थात — “(ऐ नबी ﷺ!) कह दो कि यदि तुम अल्लाह से प्रेम करते हो तो मेरी (रसूल ﷺ की) पैरवी (अनुकरण) करो, तब अल्लाह तुमसे प्रेम करेगा।” इस आयत ने रसूल ﷺ से मोहब्बत को आज्ञापालन (इता‘अत) और अनुकरण (इत्तिबा) से जोड़ दिया है।

इतिहास के पन्ने इस सच्चाई के गवाह हैं कि सहाबा-ए-किराम रज़ियल्लाहु अन्हुम की ज़िंदगियाँ मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ की रोशन मिसालों से भरी हुई थीं। हज़रत सिद्दीक़-ए-अकबर रज़ियल्लाहु अन्हु की क़ुर्बानियाँ, हज़रत उमर रज़ियल्लाहु अन्हु का अद्ल (न्याय), हज़रत उस्मान रज़ियल्लाहु अन्हु का इसार (त्याग), और हज़रत अली रज़ियल्लाहु अन्हु की शुजाअत (बहादुरी) ये सब उसी मोहब्बत के रंग में रँगे हुए थे। ग़ज़वा-ए-उहुद के मौके पर जब दुश्मनों ने नबी-ए-अकरम ﷺ को घेर लिया, तो सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम  ने आप ﷺ को अपनी जानों के घेरे में ले लिया। हज़रत तल्हा रज़ियल्लाहु अन्हु और अबू दजाना रज़ियल्लाहु अन्हु जैसे सहाबा ने अपनी जानों को ढाल बना दीं। यह सब कुछ केवल उसी मोहब्बत का नतीजा था, जो उनके दिलों में रसूल-ए-अकरम ﷺ के लिए उमड़ रही थी।

इतिहास के पन्ने इस सच्चाई के गवाह हैं कि सहाबा-ए-किराम रज़ियल्लाहु अन्हुम की ज़िंदगियाँ मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ की रोशन मिसालों से भरी हुई थीं। हज़रत सिद्दीक़-ए-अकबर रज़ियल्लाहु अन्हु की क़ुर्बानियाँ, हज़रत उमर रज़ियल्लाहु अन्हु का अद्ल (न्याय), हज़रत उस्मान रज़ियल्लाहु अन्हु का इसार (त्याग), और हज़रत अली रज़ियल्लाहु अन्हु की शुजाअत (बहादुरी) ये सब उसी मोहब्बत के रंग में रँगे हुए थे। ग़ज़वा-ए-उहुद के मौके पर जब दुश्मनों ने नबी-ए-अकरम ﷺ को घेर लिया, तो सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम  ने आप ﷺ को अपनी जानों के घेरे में ले लिया। हज़रत तल्हा रज़ियल्लाहु अन्हु और अबू दजाना रज़ियल्लाहु अन्हु जैसे सहाबा ने अपनी जानों को ढाल बना दीं। यह सब कुछ केवल उसी मोहब्बत का नतीजा था, जो उनके दिलों में रसूल-ए-अकरम ﷺ के लिए उमड़ रही थी।

आज के दौर में भी उम्मत-ए-मुस्लिमा की सफलता का असली रहस्य इसी प्रेम में निहित है। यदि मुसलमान सच्चे दिल से रसूल अल्लाह ﷺ के प्रति प्रेम को अपने हृदय में बसाएँ, और उसी प्रेम के प्रभाव से आपकी सीरत (जीवन शैली) को अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक जीवन का मार्गदर्शक बना लें, तो दुनिया और आख़िरत — दोनों की सफलताएँ उनके कदम चूमेंगी।

अर्थात, रसूल ﷺ से प्रेम कोई वैकल्पिक या मनचाही बात नहीं, बल्कि यह ईमान की पूर्णता और मुसलमान की असली पहचान है। जो दिल इस प्रेम से खाली होता है, वह ईमान की सच्ची मिठास और सुकून से वंचित रहता है। इसलिए हर मुसलमान पर यह आवश्यक है कि वह नबी-ए-अकरम ﷺ के प्रेम को अपनी ज़िंदगी की सबसे बड़ी पूँजी बनाए और इस प्रेम को आज्ञाकारिता और अनुकरण (इत्तेबा) के माध्यम से प्रकट करे — ताकि अल्लाह तआला की रज़ामंदी और दीन व दुनिया की बुलंदी हासिल हो सके।

आज दुनिया के सामने सबसे बड़ा संकट नैतिक पतन का है। भौतिकवाद, उपभोक्तावाद और स्वार्थ ने इंसान को गहरी नैतिक गिरावट में धकेल दिया है। भ्रष्टाचार, झूठ, छल-कपट और रिश्तों में अविश्वास आम बात बन गए हैं।

सीरत-ए-नबवी ﷺ इस नैतिक पतन का सबसे बेहतरीन इलाज पेश करती है। आपﷺ ने सच्चाई, अमानतदारी, ईमानदारी, माफ़ी और त्याग (ईसार) की शिक्षा दी। सामाजिक संबंधों में दया, करुणा और न्याय को बुनियादी सिद्धांत बनाया। यही मूल्य आज के समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। आधुनिक दुनिया में समानता और मानव अधिकारों के नारे तो लगाए जाते हैं, लेकिन व्यवहारिक स्तर पर आज भी जातीय भेदभाव, शोषण और अन्याय मौजूद है। रसूल ﷺ की सीरत में हमें सच्ची समानता का पैग़ाम मिलता है। आप ﷺ ने अपने हज्जतुल विदा (विदाई हज) के ख़ुत्बे में स्पष्ट रूप से ऐलान किया: “किसी अरबी को किसी अजमी (ग़ैर-अरबी) पर, और किसी गोरे को किसी काले पर कोई श्रेष्ठता नहीं — सिवाय तक़वा (धर्मपरायणता) के।” यह संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए घोषणापत्र-ए-इंसानियत  है।

आज की दुनिया की एक बड़ी समस्या आर्थिक असमानता है। कुछ हाथों में दौलत के केंद्रीकरण ने वैश्विक स्तर पर गरीबी और भूख को जन्म दिया है।

रसूल अल्लाह ﷺ ने ज़कात, सदक़ात और आर्थिक न्याय का ऐसा व्यावहारिक प्रणाली दी, जो संपत्ति के न्यायसंगत वितरण को सुनिश्चित करती है। आप ﷺ ने सूदी लेन-देन (ब्याज) के अंत और मेहनत की कमाई के महत्व पर ज़ोर देकर एक ऐसा आर्थिक मॉडल प्रस्तुत किया, जो आज के पूँजीवादी और शोषणकारी तंत्र का सबसे बेहतर विकल्प है।

मौजूदा दौर की एक और बड़ी चुनौती वैश्विक शांति का अभाव है। युद्ध, आतंकवाद, नस्ली और धार्मिक घृणा ने दुनिया को विनाश की कगार पर पहुँचा दिया है।

रसूल अल्लाह ﷺ की सीरत अमन और सलामती (शांति और सुरक्षा) का पैग़ाम देती है। आपने मदीना में विभिन्न धर्मों और क़ौमों को साथ लेकर “मिसाक़-ए-मदीना” (मदीना का संविधान) के ज़रिए शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की एक व्यावहारिक मिसाल कायम की। यह मॉडल आज के बहुधार्मिक और बहुसांस्कृतिक समाजों के लिए एक मार्गदर्शक और आदर्श उदाहरण है।

आज दुनिया में महिलाओं के अधिकारों पर बहुत बातें की जाती हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि स्त्री या तो आर्थिक शोषण का शिकार है या शारीरिक अत्याचार की पीड़ित। पैगंबर मुहम्मद ﷺ की सीरत (जीवन शैली) ने स्त्री को सम्मान, प्रतिष्ठा और अधिकार प्रदान किए। बेटी को “रहमत” (ईश्वर की दया) घोषित किया, स्त्री को विरासत में हिस्सा दिया, और पति व पिता को उसके अधिकारों की रक्षा का जिम्मेदार बनाया। ये शिक्षाएँ आज भी महिला समस्याओं का सबसे बेहतर समाधान हैं।

वर्तमान युग की सबसे बड़ी पूंजी युवा पीढ़ी है। लेकिन भौतिकवाद, सोशल मीडिया की भटकन और जीवन के उद्देश्य की कमी ने युवाओं को मानसिक भ्रम और अस्थिरता में डाल दिया है। पैगंबर मुहम्मद ﷺ की सीरत युवाओं को जीवन का उद्देश्य, चरित्र निर्माण और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करती है। ग़ज़वा-ए-बदर और उहुद के नौजवान मुजाहिद, सुलह-ए-हुदैबिया के प्रतिनिधि, और दावत व प्रचार के मिशन में लगे सहाबा इसकी उज्ज्वल मिसाल हैं।

पैगंबर मुहम्मद ﷺ की सीरत (जीवन शैली) का आधुनिक अर्थ यह है कि यह केवल अतीत की यादगार नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए मार्गदर्शक शक्ति है। चाहे नैतिक संकट की बात हो या पारिवारिक व्यवस्था की सुरक्षा, आर्थिक असमानता हो या विश्व शांति का प्रश्न, महिलाओं के अधिकार हों या युवाओं की दिशा—सीरत-ए-रसूल ﷺ हर क्षेत्र में पूर्ण और सार्वभौमिक मार्गदर्शन प्रदान करती है।

आज का इंसान यदि सच्चा सुकून, शांति, समानता, न्याय और खुशहाली चाहता है, तो उसे सीरत-ए-रसूल ﷺ से जुड़ना होगा। यही सच्ची सैरत हमारे लिए “रौशनी का दीया” है और यही मानवता के ज़ख्मों का मरहम।

अब सवाल यह उठता है कि क्या पैगंबर ﷺ से प्रेम का इज़हार करना अपराध है? इसी तरह “I Love Muhammad ﷺ” पर विवाद खड़ा करना दरअसल मुसलमानों के प्रति दुश्मनी और पूर्वाग्रह को दर्शाता है।

1 thought on “नबी ﷺ से सच्ची मोहब्बत: ईमान की पहचान और इंसानियत की राह”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *